
Add to favoritesIndia Pakistan war news: भारत ने साफ कर दिया है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है। 7 मई को पाकिस्तान नियंत्रित क्षेत्रों में आतंकियों के ठिकानों पर की गई कार्रवाई के बाद भारत का संदेश बिल्कुल साफ है, अगर पाकिस्तान गोली चलाएगा तो भारत दो गुना ताकत से जवाब देगा। रविवार को भारतीय सेना की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर के तहत आंतक पर की गई कड़ी कर्रवाई की ब्रीफिंग दी गई।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक की जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, तीनों सेनाओं के प्रमुख, एनएसए अजित डोभाल और सीडीएस जनरल अनिल चौहान शामिल रहे। इस बैठक में सुरक्षा हालात और ऑपरेशन सिंदूर की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बैठक के बाद लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस परीक्षण केंद्र का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए कहा, “ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत की राजनीतिक, सामाजिक और रणनीतिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है। अब आतंकवादियों को सरहद के उस पार भी सुरक्षित पनाह नहीं मिलेगी।”
हालांकि, भारत-पाकिस्तान ने शनिवार शाम 5 बजे से युद्धविराम पर सहमति जताई, लेकिन इसके कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ा। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए और विस्फोटों की आवाज भी आई। जिसका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया।