व्यापार एवं निवेश पर भारत-कंबोडिया संयुक्त कार्य समूह की दूसरी बैठक नई दिल्ली में आयोजित हुई

Favorite
LoadingAdd to favorites

यूपीआई, फार्मास्यूटिकल्स, पारंपरिक चिकित्सा में द्विपक्षीय व्यापार और निवेश तथा सहयोग बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा

भारत-कंबोडिया व्यापार एवं निवेश पर संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजीटीआई) की दूसरी बैठक कल वाणिज्य भवन, नई दिल्ली में भारत द्वारा आयोजित की गई। बैठक की सह-अध्यक्षता वाणिज्य विभाग, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री सिद्धार्थ महाजन और वाणिज्य मंत्रालय, कंबोडिया साम्राज्य के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार महानिदेशक श्री लॉन्ग केमविचेट ने की। बैठक में हितधारक मंत्रालयों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। श्री सिद्धार्थ महाजन ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को गहरा करने के उपायों के बारे में बताया और आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग और सहभागिता के लिए तंत्र बनाने पर भी जोर दिया। बैठक में पारंपरिक चिकित्सा और ई-गवर्नेंस में सहयोग, नए उत्पादों की पहचान करके व्यापार बास्केट का विविधीकरण, द्विपक्षीय निवेश संधि, भारतीय फार्माकोपिया की मान्यता और फार्मा क्षेत्र में सहयोग पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) आधारित डिजिटल भुगतान में सहयोग के लिए चल रहे प्रयासों की प्रगति पर चर्चा की गई। कंबोडियाई पक्ष ने भारतीय व्यवसायों के लिए कंबोडिया द्वारा प्रस्तुत कई निवेश अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। ये अवसर उच्च विकास क्षमता वाले विभिन्न क्षेत्रों में फैले हुए हैं।

JWGTI पहली बार जुलाई 2022 में वर्चुअली आयोजित की गई थी। संस्थागत होने के बाद JWGTI की यह पहली भौतिक बैठक थी। JWGTI ने व्यापार के विस्तार को सुविधाजनक बनाने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए व्यापार के मूल्य और मात्रा में सुधार के लिए विभिन्न उपायों पर चर्चा की। दोनों पक्ष ठोस पारस्परिक लाभों के लिए अधिक बातचीत की आवश्यकता पर एकमत थे।

Leave a Reply