
Add to favoritesश्री संजय सेठ नये रक्षा राज्य मंत्री होंगे
2019-2024 तक के सफल कार्यकाल के बाद, प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति द्वारा लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए श्री राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ से सांसद श्री राजनाथ सिंह ने 01 जून, 2019 को पहली बार रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। श्री राजनाथ सिंह का जन्म 10 जुलाई, 1951 को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में हुआ था। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से भौतिकी में स्नातकोत्तर किया। वे पेशे से शिक्षक थे। उन्होंने 1977-1980 और 2001-2003 में उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य के रूप में कार्य किया। वे 1991-1992 में उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री थे। उन्होंने 1999 से 2000 तक केंद्रीय मंत्रिमंडल में भूतल परिवहन मंत्री के रूप में कार्य किया।
बाद में वे 2000-2002 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। 2003 में, उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल में कृषि मंत्री के रूप में कार्य किया। वे 1994-1999 में दो कार्यकालों के लिए और फिर 2003-2008 के लिए राज्यसभा के लिए चुने गए। 2009 में वे 15वीं लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने 07 अक्टूबर, 2009 को आचार समिति के सदस्य के रूप में भी कार्य किया। श्री राजनाथ सिंह को 27 मई, 2014 को प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में गृह मंत्री के रूप में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। उनकी शादी श्रीमती सावित्री सिंह से हुई है और उनके दो बेटे हैं।
झारखंड के रांची से सांसद श्री संजय सेठ को रक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री का पदभार दिया गया है। श्री संजय सेठ 2019 में पहली बार रांची से सांसद बने और वे सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति के सदस्य थे। 2024 में भी वे रांची से लोकसभा के लिए चुने गए।