
Add to favoritesIndia Pakistan Live: जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला स्थिति का आकलन करने के लिए जम्मू जा रहे हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “कल रात जम्मू शहर और संभाग के अन्य हिस्सों में विफल पाकिस्तानी ड्रोन हमले के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए मैं जम्मू जा रहा हूं।”
India Pakistan Live: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने विदेश मंत्री एस जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बात की और तनाव कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया। रूबियो ने पाकिस्तान से आतंकवादी समूहों को किसी भी तरह का समर्थन बंद करने के लिए ठोस कदम उठाये जाने का आह्वान किया। जयशंकर के साथ बातचीत में रूबियो ने भारत और पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत के लिए अमेरिकी समर्थन व्यक्त किया तथा संचार में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करने को प्रोत्साहित किया। जयशंकर ने रूबियो को बताया कि भारत स्थिति को बढ़ाने के पाकिस्तान के किसी भी प्रयास का दृढ़ता से मुकाबला करेगा। तनाव बढ़ने के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह चाहते हैं कि भारत और पाकिस्तान अपनी “जैसे को तैसा” वाली कार्रवाइयां बंद करें। उन्होंने कहा कि अगर वह “मदद” के लिए कुछ कर सकते हैं तो वह इसके लिए तैयार हैं।
India Pakistan Live: पाकिस्तानी सेना उरी में भारी गोलाबारी कर रही है। इसमें एक महिला की मौत हो गई है और कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं जम्मू में सुबह तक पूरी तरह ब्लैकआउट देखा गया।
India Pakistan War Live: पंजाब सरकार ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को अगले तीन दिनों के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द करने का आदेश दिया। एहतियात के तौर पर तरनतारन और फाजिल्का में जिला अधिकारियों ने शादियों और अन्य कार्यक्रमों के दौरान पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। पंजाब सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है। पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में अधिकारियों ने शनिवार तक सभी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की।
India Pakistan War Live: भारत एवं पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध आतंकवादियों की घुसपैठ के एक बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया। बीएसएफ ने ’एक्स’ पर शुक्रवार तड़के एक पोस्ट में कहा, ‘‘बीएसएफ ने आठ मई 2025 को रात करीब 23:00 बजे जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास घुसपैठ के एक बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया।’’ अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या गोलीबारी की चपेट में कोई आतंकवादी भी आया है। उन्होंने कहा कि स्थिति सुबह के समय क्षेत्र की छानबीन करने पर स्पष्ट होगी। घुसपैठ की यह कोशिश ऐसे दिन में हुई है जब भारत ने जम्मू, पठानकोट, उधमपुर एवं कुछ अन्य स्थानों पर पाकिस्तान द्वारा मिसाइल एवं ड्रोन से किए गए हमलों को विफल कर दिया।
